Faridabad/Alive News: जिले में वाहन चोरी की बढ़ती वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए फरीदाबाद पुलिस की अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने मोटरसाइकिल चोरी के एक मामले को सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार किया है और उसके कब्जे से चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, तिलपत निवासी देवेंद्र ने 12 नवंबर 2026 को अपनी मोटरसाइकिल चोरी होने के संबंध में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस टीम लगातार चोर की तलाश में जुटी थी।
गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर कार्रवाई करते हुए अपराध शाखा एवीटीएस भूपानी की टीम ने आरोपी राजीदुल इसलाम को सेक्टर-86 के पास से धर दबोचा। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरीशुदा मोटरसाइकिल को सुरक्षित बरामद कर लिया है।
पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को माननीय अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

