Faridabad/Alive News: शहर में कूड़ा डालने के लिए नई जगह तलाश रहा नगर निगम अब नीमका जेल के पास विरोध का सामना कर रहा है। भांकरी गांव में हाईकोर्ट की रोक के बाद निगम ने नीमका जेल के पास खाली जमीन पर अस्थायी रूप से कूड़ा डालने की तैयारी की थी। इसकी जानकारी मिलते ही नीमका, मिर्जापुर और आसपास की सोसायटियों के लोग मौके पर पहुंच गए और धरना शुरू कर दिया। बाद में पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हिरासत में लेकर सेक्टर-8 थाने पहुंचा दिया।
ग्रामीणों ने कूड़े से भरे वाहनों का रास्ता रोकने के लिए अर्थमूवर से सड़क पर गड्ढा खुदवा दिया। इसके बाद लोग रास्ते पर बैठकर निगम के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। अधिकारियों और पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन ग्रामीण कूड़ा डालने के विरोध पर अड़े रहे। उनका कहना है कि यहां कूड़ा डालने से आसपास के गांवों और सोसायटियों में बदबू और प्रदूषण बढ़ेगा।
दरअसल, नगर निगम पहले भांकरी गांव की जमीन पर कूड़ा डाल रहा था। ग्रामीणों की याचिका पर हाईकोर्ट ने वन्यजीवों के संरक्षित क्षेत्र से जुड़ी जमीन पर कूड़ा डालने पर रोक लगा दी थी। इसके बाद निगम ने नीमका जेल के पास खाली जमीन को अस्थायी डंपिंग साइट बनाने की योजना बनाई।
शहर में रोजाना 1200 टन से अधिक कूड़ा निकलता है। प्रतापगढ़ में पहले से करीब 70 हजार टन कूड़ा जमा है, जबकि वहां प्रतिदिन लगभग 150 टन कचरे का निस्तारण हो रहा है। मुजेड़ी में भी करीब 150 टन कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। निगम के सामने सबसे बड़ी चुनौती रोजाना निकलने वाले कूड़े का उचित निस्तारण करना है।
नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह के अनुसार, प्रतापगढ़ में 650 टन प्रतिदिन क्षमता वाला प्लांट शुरू होने तक कूड़ा डालने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था जरूरी है। भांकरी में रोक के बाद दूसरी जगह तलाशनी पड़ी है।

