November 13, 2026

स्कूलों में पुलिस की पाठशाला, छात्राओं को साइबर अपराध और महिला सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों को कानून, सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक करने के लिए दो दिवसीय अभियान चलाया। 12 और 13 नवंबर को स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) कार्यक्रम और ‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत स्कूलों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

12 नवंबर को विद्यार्थियों को पुलिस थाने की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी गई। मास्टर ट्रेनर ईएसआई विनोद और कांस्टेबल मनोज ने उन्हें परेड और सैल्यूट का प्रशिक्षण दिया। साथ ही महिला सुरक्षा और आत्मरक्षा के तरीके भी बताए।

13 नवंबर को सेक्टर-8 स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सीही में कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें करीब 1200 छात्राओं और स्कूल स्टाफ ने हिस्सा लिया।

पुलिस टीम ने छात्राओं को साइबर ठगी, सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल और ऑनलाइन धोखाधड़ी से बचने के तरीके बताए। उन्हें अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और ओटीपी व पासवर्ड किसी से साझा नहीं करने की सलाह दी गई। साइबर ठगी होने पर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करने को कहा गया।

इसके अलावा डायल-112 और दुर्गा शक्ति ऐप के बारे में जानकारी दी गई। छात्राओं को नशे से दूर रहने और खेलकूद जैसी सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए भी प्रेरित किया गया।