Gurugram/Alive News: चेक बाउंस से जुड़े लंबित मामलों के समाधान के लिए 21 नवंबर 2026 को विशेष लोक अदालत आयोजित की जाएगी। इसका आयोजन विकास सदन, जिला न्यायालय परिसर, गुरुग्राम में किया जाएगा। इसमें परक्राम्य लिखत अधिनियम (एनआई एक्ट) की धारा 138 के तहत लंबित मामलों का आपसी सहमति से निपटारा किया जाएगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव एवं मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी निशा ने बताया कि इस लोक अदालत का उद्देश्य मामलों का जल्द समाधान करना और लोगों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से राहत दिलाना है। इससे पक्षकारों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी।
उन्होंने बताया कि लोक अदालत में दोनों पक्ष आपसी सहमति से विवाद सुलझा सकते हैं। यहां पारित फैसला अंतिम होता है और दोनों पक्षों पर बाध्यकारी रहता है। इसके लिए किसी प्रकार का अतिरिक्त न्यायालय शुल्क भी नहीं देना होगा।
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ने संबंधित पक्षकारों और अधिवक्ताओं से लोक अदालत में भाग लेकर मामलों का निपटारा कराने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 15100 पर संपर्क किया जा सकता है।

