Faridabad/Alive News: सरकारी स्कूलों के विद्यार्थियों के लिए जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का रास्ता खुल गया है। शिक्षा विभाग ने मिशन बुनियाद और हरियाणा सुपर-100 कार्यक्रम के तहत ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन योजनाओं के जरिए मेधावी विद्यार्थियों को आगे की पढ़ाई के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का अवसर मिलेगा। मिशन बुनियाद के लिए 12 दिसंबर और सुपर-100 के लिए 5 दिसंबर तक आवेदन किए जा सकेंगे।
मिशन बुनियाद में आठवीं कक्षा में पढ़ रहे वे विद्यार्थी आवेदन कर सकते हैं, जिन्होंने सातवीं में कम से कम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं। चयनित विद्यार्थियों को नौवीं और दसवीं कक्षा में विशेष शैक्षणिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। वहीं, सुपर-100 के लिए दसवीं कक्षा के ऐसे विद्यार्थी पात्र हैं, जिन्होंने नौवीं में कम से कम 60 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। चयनित विद्यार्थियों को 11वीं और 12वीं में जेईई और नीट की मुफ्त आवासीय कोचिंग मिलेगी।
सुपर-100 की परीक्षा 16 दिसंबर को होगी। इसके प्रवेश पत्र 7 से 14 दिसंबर तक जारी होंगे। वहीं, मिशन बुनियाद की परीक्षा 23 दिसंबर को आयोजित की जाएगी और प्रवेश पत्र 14 से 21 दिसंबर तक डाउनलोड किए जा सकेंगे। दोनों परीक्षाओं में 200 अंकों के 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे जाएंगे। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों को योजनाओं के प्रति जागरूक भी किया जा रहा है।

