Gurugram/Alive News: जिला युवा महोत्सव-2026 का आयोजन 19 और 20 नवंबर को किया जाएगा। इसकी तैयारियों को लेकर एडीसी सोनू भट्ट ने अधिकारियों के साथ बैठक कर जरूरी दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने शिक्षा विभाग को स्कूलों और कॉलेजों के अधिक से अधिक विद्यार्थियों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस वर्ष महोत्सव की थीम ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत’ रखी गई है। इसका उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए प्रेरित करना है। महोत्सव में 15 से 29 वर्ष तक के युवा छह प्रतियोगिताओं में हिस्सा ले सकेंगे। इनमें लोक नृत्य, लोकगीत, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला, कविता लेखन और लोक वाद्य यंत्र प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
प्रतिभागियों के लिए माई भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराना अनिवार्य है। पंजीकरण की अंतिम तिथि 16 नवंबर है। प्रत्येक विधा में प्रथम विजेता को 4,100 रुपये, द्वितीय को 3,100 रुपये और तृतीय को 2,100 रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तर पर विजेता प्रतिभागियों को राज्य और फिर राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिलेगा।

