November 12, 2026

वोट बचाओ, देश बचाओ अभियान के तहत कांग्रेस ने ग्रामीणों को किया जागरूक

Faridabad/Alive News: कांग्रेस की ओर से चलाए जा रहे ‘वोट बचाओ, देश बचाओ’ अभियान के तहत वीरवार को गांव अनंगपुर में विशाल चौपाल का आयोजन किया गया। इसमें कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने ग्रामीणों को लोकतंत्र और मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक किया। चौपाल में सैकड़ों ग्रामीणों ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के हरियाणा प्रभारी संजय दत्त, पूर्व केंद्रीय मंत्री कृष्णा तीरथ, प्रदेश अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और वरिष्ठ कांग्रेस नेता विजय प्रताप सिंह विशेष रूप से मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत में सभी नेताओं ने सम्राट मिहिर भोज की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया। इसके बाद ग्रामीणों ने अतिथियों का फूल-मालाओं से स्वागत किया। चौपाल की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह ने की, जबकि आयोजन बड़खल विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी विजय प्रताप सिंह ने किया।
संजय दत्त ने कहा कि वोट चोरी का मुद्दा किसी एक राजनीतिक दल तक सीमित नहीं है, बल्कि यह देश के लोकतंत्र और आम नागरिक के अधिकारों से जुड़ा है। जनता जिस उम्मीद के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करती है, उसके वोट का सम्मान होना चाहिए। कांग्रेस इस अभियान के माध्यम से लोगों के बीच जाकर लोकतंत्र की रक्षा की आवाज उठा रही है।
राव नरेंद्र सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत जनता का वोट है। चुनाव प्रक्रिया में किसी भी तरह की गड़बड़ी लोकतांत्रिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करती है। वहीं, कृष्णा तीरथ ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मतदाताओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया के महत्व को समझाना है।
विजय प्रताप सिंह ने कहा कि चौपाल में उमड़ी भीड़ बताती है कि ग्रामीण अपने मताधिकार और लोकतंत्र को लेकर जागरूक हैं। इस दौरान जिला अध्यक्ष बलजीत कौशिक, रोहित नागर सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।