November 12, 2026

समाधान शिविरों की शिकायतों को जल्द निपटाएं अधिकारी, एटीआर अपलोड करने में न करें देरी

Gurugram/Alive News: समाधान शिविरों में मिली शिकायतों के निपटारे को लेकर सीटीएम ज्योति नागपाल ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी विभाग शिकायतों का तय समय सीमा में समाधान करें और कार्रवाई पूरी होने के बाद एक्शन टेकन रिपोर्ट (एटीआर) पोर्टल पर समय से अपलोड करें।

सीटीएम ने कहा कि शिकायतों पर केवल कागजी कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि लोगों की समस्याओं का वास्तविक समाधान होना चाहिए। लंबे समय से लंबित शिकायतों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए। जिन मामलों में एक से अधिक विभाग शामिल हैं, उनमें आपसी तालमेल से कार्रवाई की जाए।

उन्होंने कहा कि एटीआर में की गई कार्रवाई का पूरा और सही विवरण दर्ज किया जाए। जरूरत पड़ने पर जांच रिपोर्ट और संबंधित दस्तावेज भी पोर्टल पर अपलोड किए जाएं। दोबारा खुलने वाली शिकायतों की विशेष रूप से समीक्षा की जाए, ताकि पहले की कमियों को दूर कर शिकायतकर्ता को संतुष्ट किया जा सके।

सीटीएम ने अधिकारियों को विभागवार लंबित शिकायतों की नियमित समीक्षा करने के भी निर्देश दिए।