November 12, 2026

राहुल गांधी ने हरियाणवी परिवारों के साथ की चाय पर चर्चा, चूरमा खाया और गोहाना की जलेबी का लिया स्वाद

Rahul Gandhi meeting Haryana families at Indira Bhawan during a Bhai Dooj tea gathering.

भाई दूज पर दिल्ली के इंदिरा भवन में करीब 200 परिवारों से मिले राहुल गांधी; करनाल की बीरमती के हाथ का चूरमा खाया, सोनीपत के किसान संजय जलेबी लेकर पहुंचे

New Delhi/Alive News: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भाई दूज के अवसर पर दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में हरियाणा सहित विभिन्न राज्यों के करीब 200 परिवारों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने परिवारों के साथ चाय पर चर्चा की, उनका हालचाल जाना और बच्चों की पढ़ाई व कामकाज के बारे में जानकारी ली। हर परिवार के लिए अलग टेबल लगाई गई थी, जहां राहुल गांधी ने व्यक्तिगत रूप से बातचीत की और तस्वीरें भी खिंचवाईं।

इस मुलाकात में करनाल के घोघड़ीपुर निवासी तेजिंदर मान का परिवार भी पहुंचा। तेजिंदर फिलहाल अमेरिका में हैं, इसलिए उनकी मां बीरमती और परिवार के अन्य सदस्य दिल्ली पहुंचे। बीरमती अपने हाथों से बनाया चूरमा लेकर आई थीं। राहुल गांधी ने चूरमा खाया और बीरमती के पैर छूकर आशीर्वाद लिया। उन्होंने अमेरिका में सड़क हादसे में घायल अमित मान की तबीयत के बारे में भी पूछा और जरूरत पड़ने पर मदद का भरोसा दिया।

तेजिंदर के मुताबिक, राहुल गांधी ने दीपावली के अगले दिन फोन कर परिवार को भाई दूज पर चाय के लिए आमंत्रित किया था। राहुल करीब दो साल पहले हरियाणा विधानसभा चुनाव के दौरान घोघड़ीपुर गांव में अमित के परिवार से मिले थे। उस समय उन्होंने बीरमती से दोबारा मिलने का वादा किया था।

सोनीपत के मुरथल गांव से भी दो परिवार कार्यक्रम में पहुंचे। भगत सिंह ने बताया कि राहुल गांधी ने उनके बच्चों की पढ़ाई के बारे में पूछा। उनका बेटा कानून की पढ़ाई कर रहा है, जबकि बेटी पीएचडी कर रही है।

वहीं, गोहाना के मदीना गांव के किसान संजय अपने साथ मशहूर गोहाना जलेबी लेकर पहुंचे। राहुल गांधी से उनकी यह तीसरी मुलाकात थी। इससे पहले राहुल जुलाई 2023 में उनके खेत में ट्रैक्टर चलाने पहुंचे थे और मार्च 2026 में उनकी बेटी की शादी में शामिल हुए थे।

राहुल गांधी ने इस मुलाकात के बाद सोशल मीडिया पर लिखा कि कुछ रिश्ते वक्त के साथ और भी गहरे हो जाते हैं।