Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के डबुआ थाना क्षेत्र के पाली गांव में 17 वर्षीय 12वीं कक्षा के छात्र ने कथित तौर पर देसी कट्टे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय छात्र घर पर अकेला था। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
मृतक के पिता ने पुलिस को बताया कि उनका बेटा ओपन स्कूल से 12वीं की पढ़ाई कर रहा था और कोचिंग भी लेता था। बुधवार शाम करीब पांच बजे उसकी मां और बड़ा भाई घर से घेर में गए थे। करीब छह बजे बड़ा भाई वापस लौटा तो छात्र घर में दिखाई नहीं दिया। तलाश के दौरान तीसरी मंजिल पर बाथरूम में उसका खून से लथपथ शव मिला। पास में देसी कट्टा भी पड़ा था।
सूचना मिलने पर पुलिस, एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल की वीडियोग्राफी कराई गई। पिता ने किसी पर शक नहीं जताया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि नाबालिग के पास कट्टा कहां से आया।

