November 12, 2026

फरीदाबाद में पुलिस और चोर के बीच मुठभेड़, पैर में गोली लगने से आरोपी घायल

Faridabad police recover a pistol, cartridges and stolen motorcycle after an encounter with an accused thief near Sector 58.

Faridabad/Alive News: बीते बुधवार की रात ऊंचा गांव क्राइम ब्रांच और एक आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। सेक्टर-58 थाना क्षेत्र के प्लॉटिंग जोन के पास हुई मुठभेड़ में आरोपी विमल के दाहिने पैर में गोली लगी। वह सुभाष कॉलोनी का रहने वाला है। घायल आरोपी को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी चोरी की मोटरसाइकिल पर किसी वारदात को अंजाम देने के लिए आया था। पुलिस टीम को देखकर उसने दो राउंड फायर किए। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी। मौके से पुलिस ने एक पिस्टल, तीन कारतूस, दो खाली खोल और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी का पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ चोरी के करीब 20 मामले दर्ज हैं। वह थाना सेक्टर-58 क्षेत्र में चोरी के 4-5 मामलों में वांछित था।