November 12, 2026

फरीदाबाद: महिला और परिवार से मारपीट व पिस्तौल दिखाकर धमकाने के आरोप में दो गिरफ्तार

Faridabad Crime Branch Central arrests two accused in the Mahavatpur woman assault and threat case.

Faridabad/Alive News: गांव महावतपुर में महिला और उसके परिवार के साथ मारपीट, गाली-गलौच और पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में क्राइम ब्रांच सेंट्रल ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी पहचान गांव महावतपुर निवासी नवाब और शोएब के रूप में हुई है। अदालत ने नवाब को जेल भेज दिया, जबकि शोएब को पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, महिला ने थाना भूपानी में शिकायत दी थी कि 10 नवंबर की रात वह अपने पति और भांजी के साथ गली में घूम रही थी। इसी दौरान नवाब, शोएब और उनके साथियों ने गाली-गलौच शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ देर बाद दोनों आरोपी अपने 10-15 साथियों के साथ उसके घर पहुंचे और परिवार के साथ मारपीट की। इस दौरान पिस्तौल दिखाकर जान से मारने की धमकी भी दी गई।

पुलिस ने 11 नवंबर को दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक पूछताछ में गली में घूमने को लेकर विवाद होने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करते हैं।