November 12, 2026

रेस्टोरेंट में खाना ऑर्डर करने के बहाने 22,500 रुपये की ठगी, कॉलर और खाताधारक गिरफ्तार

Faridabad Cyber Police arrest accused in a ₹22,500 restaurant food order cyber fraud case.

Faridabad/Alive News: रेस्टोरेंट से खाना ऑर्डर करने के बहाने 22,500 रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने राजस्थान के डीग से एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गांव जोधपुर निवासी अतीशान के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ठगी में कॉलर और सेकेंड लेयर खाताधारक की भूमिका में शामिल था।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, सेक्टर-21ए निवासी एक व्यक्ति गांव भांकरी में रेस्टोरेंट चलाता है। 25 जुलाई को एक व्यक्ति ने उसे फोन कर 4-5 सब्जियों और 35-40 रोटियों का ऑर्डर दिया। इसके बाद आरोपी ने 1,500 रुपये की जगह 15,000 रुपये का फर्जी पेमेंट मैसेज भेजकर अधिक रकम ट्रांसफर होने का झांसा दिया और बाकी पैसे लौटाने को कहा।

उसकी बातों में आकर शिकायतकर्ता ने 13,500 रुपये वापस भेज दिए। इस तरह दो बार में कुल 22,500 रुपये की ठगी हुई।

जांच में पता चला कि पहले गिरफ्तार खाताधारक जमशेद के खाते से 6,500 रुपये अतीशान के खाते में आए थे। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।