November 9, 2026

नाहर सिंह स्टेडियम का अधूरा काम अब नई एजेंसी करेगी पूरा

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के शहीद राजा नाहर सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का अधूरा निर्माण अब नई एजेंसी पूरा करेगी। नगर निगम ने काम में देरी करने और नोटिस का जवाब नहीं देने पर पुरानी निर्माण एजेंसी रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को ब्लैकलिस्ट कर दिया है। अब निगम स्टेडियम का बचा हुआ काम पूरा कराने के लिए नई एजेंसी की तलाश कर रहा है।

विभागीय सूत्रों के अनुसार, ब्लैकलिस्ट की गई एजेंसी का नगर निगम पर करीब 6 से 7 करोड़ रुपये का भुगतान बकाया है। भुगतान को लेकर विवाद के चलते एजेंसी ने काम बंद कर दिया था।

25 प्रतिशत काम भी पूरा नहीं कर पाई पुरानी एजेंसी

रंजीत बिल्डकॉन लिमिटेड को स्टेडियम के कुल निर्माण कार्य का 25 प्रतिशत हिस्सा पूरा करने की जिम्मेदारी दी गई थी, लेकिन एजेंसी अपने हिस्से का काम भी पूरा नहीं कर पाई। एजेंसी ने बीच में ही निर्माण कार्य रोक दिया था। इसके बाद नगर निगम ने उसे नोटिस जारी कर जवाब मांगा, लेकिन कंपनी की ओर से कोई जवाब नहीं दिया गया। इसके चलते निगम ने एजेंसी को ब्लैकलिस्ट कर दिया।

अब नई एजेंसी की तलाश कर रहा निगम

नगर निगम कमिश्नर अनिल यादव ने बताया कि निर्माण कार्य में देरी को लेकर एजेंसी को नोटिस जारी किया गया था, लेकिन उसकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला। स्टेडियम का बचा हुआ काम पूरा कराने के लिए नई एजेंसी नियुक्त की जाएगी। इसके लिए शेष निर्माण कार्य का अलग से टेंडर जारी किया जाएगा।

6 साल में 60 प्रतिशत काम ही हुआ पूरा

वर्ष 2015 में तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने स्टेडियम के जीर्णोद्धार की घोषणा की थी। उस समय इसके लिए 135 करोड़ रुपये का बजट मंजूर किया गया था। बाद में अलग-अलग कार्यों के लिए बजट बढ़ाया गया। अब पूरे प्रोजेक्ट की लागत करीब 200 करोड़ रुपये तक पहुंचने का अनुमान है।

वर्ष 2019 में स्टेडियम को आधुनिक सुविधाओं के साथ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड की तर्ज पर विकसित करने का काम शुरू हुआ था। हालांकि, करीब 6 साल बीतने के बाद भी निर्माण कार्य केवल 60 प्रतिशत ही पूरा हो पाया है।

मैदान में उगी झाड़ियां, स्टेडियम की हालत खराब

फिलहाल स्टेडियम लंबे समय से बंद पड़ा है। देखरेख नहीं होने के कारण मैदान में झाड़ियां उग आई हैं। अभी तक न तो क्रिकेट खेलने के लिए मैदान तैयार हो पाया है और न ही दर्शकों के बैठने के लिए दीर्घाओं का निर्माण पूरा हुआ है।

दो मंत्रियों ने किया जल्द काम पूरा होने का दावा

कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने दावा किया है कि स्टेडियम के निर्माण में आ रही सभी बाधाएं दूर हो चुकी हैं।

विपुल गोयल ने कहा कि स्टेडियम के निर्माण को लेकर अधिकारियों के साथ बैठकें की गई हैं और काम तेजी से पूरा कराया जाएगा। वहीं, केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने भी स्टेडियम का निर्माण जल्द पूरा होने का आश्वासन दिया है।