November 9, 2026

दिवाली की रात फरीदाबाद में 9 जगह लगी आग, मेवला महाराजपुर में एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियां जलीं

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के मेवला महाराजपुर इलाके में दिवाली की देर रात करीब 3 बजे पटाखे से निकला रॉकेट झुग्गी पर गिर गया। इससे एक झुग्गी में आग लग गई। देखते ही देखते आग आसपास की एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियों में फैल गई। आग लगने से वहां रहने वाले परिवारों में अफरा-तफरी मच गई। लोग अपने बच्चों और परिवार के सदस्यों को लेकर जान बचाने के लिए बाहर भागे।

आग में कई परिवारों का घरेलू सामान जलकर राख हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियों ने करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।

झुग्गी पर गिरा रॉकेट, तेजी से फैली आग

दिवाली की देर रात करीब 3 बजे एक रॉकेट उड़कर मेवला महाराजपुर की झुग्गियों में जा गिरा। इससे एक झुग्गी में आग लग गई। झुग्गियां एक-दूसरे से सटी होने और आसपास ज्वलनशील सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैल गई। कुछ ही देर में एक दर्जन से ज्यादा झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं।

सामान छोड़कर बच्चों के साथ बाहर भागे परिवार

आग लगते ही झुग्गियों में रहने वाले लोगों में चीख-पुकार मच गई। परिवार के लोग बच्चों और अन्य सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकालने में जुट गए। कुछ लोगों ने घर का सामान बचाने की कोशिश की, लेकिन आग तेजी से फैलने के कारण उन्हें सामान छोड़कर बाहर निकलना पड़ा। आग बुझने के बाद झुग्गियों में रखा घरेलू सामान जलकर राख हो चुका था।

शहर में 8 अन्य जगहों पर भी लगी आग

मेवला महाराजपुर के अलावा दिवाली की रात फरीदाबाद के पल्ला, सेक्टर-91, लक्कड़पुर, तिलपत, गाजीपुर, डबुआ चौक स्थित साइकिल स्टोर, इंद्रप्रस्थ कॉलोनी के सेक्टर-30-33 स्थित एक मकान की पहली मंजिल और सेक्टर-46 की झुग्गियों में भी आग लगने की घटनाएं सामने आईं। इन घटनाओं में किसी की मौत या घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि, अलग-अलग जगहों पर लोगों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ा।

10 से 12 दमकल गाड़ियों ने 5 घंटे में बुझाई आग

सेक्टर-31 फायर स्टेशन के कर्मचारी जोगेंद्र भड़ाना ने बताया कि मेवला महाराजपुर में आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल विभाग की 10 से 12 गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दमकल कर्मचारियों ने लगातार पानी की बौछार कर आग बुझाने और उसे आसपास की झुग्गियों में फैलने से रोकने का प्रयास किया। करीब 5 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।