Faridanbad/Alive News: लकड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया में रविवार रात एक कंटेनर चालक की लापरवाही या अंधेरे में रास्ता साफ नहीं दिखने के कारण बड़ा हादसा हो गया। सड़क किनारे खड़े पेड़ से टकराने के बाद कंटेनर बेकाबू हो गया और आगे जाकर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक केबिन में ही फंस गया। हादसे में एक बाइक सवार भी घायल हो गया। मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला। इसके बाद दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पहले पेड़ से टकराया, फिर इंजन से भिड़ा कंटेनर
पुलिस के मुताबिक, रविवार रात एक कंटेनर लकड़पुर इंडस्ट्रियल एरिया के रास्ते से गुजर रहा था। इसी दौरान अंधेरा होने के कारण चालक को सड़क किनारे खड़ा पेड़ दिखाई नहीं दिया और कंटेनर उससे टकरा गया। टक्कर के बाद वाहन अनियंत्रित हो गया और आगे बढ़ते हुए प्लेसर इंडिया कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर खड़े मैकेनिकल इंजन से जा भिड़ा।
केबिन में फंसे चालक को लोगों ने निकाला
हादसे के बाद कंटेनर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक केबिन में फंस गया और खुद बाहर नहीं निकल पा रहा था। आसपास मौजूद लोगों ने उसे बाहर निकालने के लिए मशक्कत की। इसी दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार भी हादसे की चपेट में आकर घायल हो गया। स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा था।
क्या कहना है ग्रीनफील्ड चौकी प्रभारी का
इआरवी और डायल 112 की टीम के माध्यम से कंटेनर ट्रक के दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक स्थानीय लोग घायलों को अस्पताल पहुंचा चुके थे। प्लेसर इंडिया कंपनी भारतीय रेलवे के लिए काम करती है। यहां रेलवे ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव में इस्तेमाल होने वाले मैकेनिकल इंजन बनाए जाते हैं। हादसे के समय कंपनी के बाहर रेलवे ट्रैक पर एक इंजन खड़ा था, जिससे कंटेनर टकरा गया था।
– कृपाराम, ग्रीनफील्ड चौकी प्रभारी

