एनआईटी-1 में छह साल के निखिल को आवारा कुत्ते ने दबोचा, लोगों ने डंडे मारकर छुड़ाया, अस्पताल में लगे सात टांके
Faridabad/Alive News: घर से बड़े भाई के साथ खेलने निकला छह साल का मासूम आवारा कुत्ते के हमले का शिकार हो गया। काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजन उसकी तलाश कर रहे थे, जबकि बच्चा एनआईटी-1 इलाके में एक झोपड़ी के पास घायल हालत में मिला। कुत्ते ने उसे इस कदर दबोच रखा था कि वह ठीक से आवाज भी नहीं निकाल पा रहा था। बच्चे की हालत देखकर मौके पर पहुंचे लोगों ने डंडों से कुत्ते को भगाया और उसे उसके चंगुल से छुड़ाया। हमले में बच्चे के होंठ के पास गहरा घाव हो गया। उसे बादशाह खान नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने सात टांके लगाए। उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।
बड़ा भाई लौट आया, निखिल का नहीं चला पता
सोनिया चौक के पास रहने वाली अनीता ने बताया कि उसका छह वर्षीय बेटा निखिल सुबह करीब 10 बजे अपने बड़े भाई के साथ खेलने के लिए घर से निकला था। कुछ देर बाद बड़ा बेटा वापस आ गया, लेकिन निखिल घर नहीं लौटा। इसके बाद परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। मां ने बेटी को भी निखिल को ढूंढने के लिए भेजा, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला। परिवार को उम्मीद थी कि वह खेलकर वापस आ जाएगा।
झोपड़ी से सुनाई दी बच्चे के रोने की आवाज
स्थानीय निवासी बिट्टू बजरंगी ने बताया कि वह किसी काम से वहां से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें लकड़ी की झोपड़ी से बच्चे के रोने जैसी आवाज सुनाई दी। पास जाकर देखा तो एक कुत्ता बच्चे को दबोचे बैठा था। बच्चा जमीन पर मुंह के बल लेटा हुआ था और उसके कपड़े भी फटे हुए थे। आवाज लगाने पर भी वह ठीक से बोल नहीं पा रहा था। शुरुआत में उन्हें लगा कि बच्चा बेहोश है। इसके बाद उन्होंने आसपास के लोगों को बुलाया। लोगों ने डंडों की मदद से कुत्ते को भगाया और बच्चे को बाहर निकाला। इसके बाद उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसके होंठ के पास सात टांके लगाए।
क्या कहना है स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम का
माननीय
सुप्रीम कोर्ट की गाइडलाइन के अनुसार शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी का कार्य लगातार कराया जा रहा है। इसके साथ ही कुत्तों के लिए शेल्टर होम की व्यवस्था भी की जा रही है और उनका टीकाकरण भी कराया जा रहा है। हमारी ओर से इस समस्या को नियंत्रित करने और कुत्तों के हमले जैसी घटनाओं को कम करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
– डॉ. नितेश प्रवाल, स्वास्थ्य अधिकारी नगर निगम

