November 7, 2026

दिवाली से पहले कंपनी के बाहर घंटों खड़े रहे कर्मचारी, बोनस-मिठाई नहीं मिलने पर जताई नाराजगी

Faridabad/Alive News: दिवाली पर बोनस और मिठाई की उम्मीद लगाए बैठे सेक्टर-58 स्थित निजी एक्सपोर्ट कंपनी के सैकड़ों कर्मचारियों को निराशा हाथ लगी। त्योहार पर कोई सौगात नहीं मिलने से नाराज कर्मचारियों ने कंपनी के बाहर प्रदर्शन किया और प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। कर्मचारियों का आरोप है कि अपनी मांगों को लेकर प्रबंधन से बात करने पहुंचे तो कंपनी के दरवाजे बंद कर दिए गए। घंटों इंतजार के बाद भी उनकी सुनवाई नहीं हुई और उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा।

प्रदर्शन कर रहे आशीष, सुमन और रेखा सहित अन्य कर्मचारियों ने बताया कि वे पूरे साल मेहनत और लगन से कंपनी के लिए काम करते हैं। त्योहार पर बोनस और मिठाई मिलने से कर्मचारियों के साथ उनके परिवारों में भी खुशी रहती है। इस बार कोई सौगात नहीं मिलने से कर्मचारियों में नाराजगी है। उन्होंने प्रबंधन से इस मामले में जवाब मांगा, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।