November 7, 2026

श्री सिद्धदाता आश्रम में श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया धनतेरस पर्व

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद स्थित श्री लक्ष्मीनारायण दिव्यधाम में धनतेरस का पर्व श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंचे और भगवान श्री लक्ष्मीनारायण के दर्शन कर सुख-समृद्धि की कामना की।

आश्रम के अधिपति स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने दर्शन के लिए पहुंचे श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया और प्रसाद वितरित किया। गुरुदेव के सान्निध्य में पूरा आश्रम भक्तिमय माहौल में नजर आया।

इस अवसर पर स्वामी श्री पुरुषोत्तमाचार्य जी महाराज ने धनतेरस के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि धन और लक्ष्मी की प्राप्ति तभी सार्थक है, जब उसका उपयोग धर्म, सेवा और जनकल्याण के कार्यों में किया जाए। उन्होंने सभी के जीवन में अच्छे स्वास्थ्य, सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।

धनतेरस के अवसर पर सुबह से ही आश्रम में श्रद्धालुओं का पहुंचना शुरू हो गया था। भक्तों की सुविधा के लिए आश्रम प्रबंधन की ओर से दर्शन की विशेष व्यवस्था की गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें लोगों ने भोजन प्रसाद ग्रहण किया।