November 5, 2026

फरीदाबाद के समाधान शिविर में आई राजस्व विभाग से जुड़ी सबसे अधिक 5 शिकायतें

फरीदाबाद के लघु सचिवालय में आयोजित समाधान शिविर में लोगों की शिकायतें सुनते अधिकारी

Faridabad/Alive News: सेक्टर-12 स्थित लघु सचिवालय में वीरवार को आयोजित समाधान शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित 12 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें सबसे अधिक पांच शिकायतें राजस्व विभाग से जुड़ी थीं। शिविर की अध्यक्षता सीटीएम अंकित कुमार ने की।

उपायुक्त आयुष सिन्हा के मार्गदर्शन में आयोजित शिविर में सीटीएम ने अधिकारियों को सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द समाधान करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि समाधान शिविरों के माध्यम से आम नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के सामने रखने का अवसर मिल रहा है। संबंधित विभागों को शिकायतों के शीघ्र निपटान के लिए निर्देशित किया जा रहा है।

शिविर में राजस्व विभाग की पांच शिकायतों के अलावा सीआरआईडी, विकास एवं पंचायत विभाग, दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम, खाद्य एवं आपूर्ति विभाग, हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण, उद्योग एवं वाणिज्य विभाग तथा नगर निगम फरीदाबाद से संबंधित एक-एक शिकायत प्राप्त हुई।

सीटीएम ने बताया कि नागरिक स्वास्थ्य, शिक्षा, प्रॉपर्टी आईडी, परिवार पहचान पत्र, भूमि पंजीकरण, पेंशन, राशन कार्ड, बिजली, सिंचाई, सार्वजनिक स्वास्थ्य और अन्य विभागों से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर में शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।

उन्होंने बताया कि जिला प्रशासन की ओर से प्रत्येक सोमवार और वीरवार को सुबह 10 से दोपहर 12 बजे तक लघु सचिवालय में समाधान शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। सभी संबंधित विभागों के अधिकारी शिविर में मौजूद रहे।