November 5, 2026

नंदी से कुकर्म के आरोप में युवक की पिटाई, महिला ने जूते से मारा

फरीदाबाद डबुआ थाना क्षेत्र में हुई घटना से संबंधित स्थान की तस्वीर।

Faridabad/Alive News: डबुआ इलाके में नंदी के साथ कथित रूप से कुकर्म करने के आरोप में एक युवक की पिटाई का मामला सामने आया है। गौ रक्षा बजरंग फोर्स के सदस्यों ने शहजाद (उम्र 25) नाम के युवक को पकड़ लिया। इसके बाद संगठन की एक महिला सदस्य ने उसे थप्पड़ और जूतों से पीटा। मौके पर मौजूद कुछ अन्य लोगों ने भी युवक को लातों से मारा। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मारपीट के बाद युवक को पुलिस के हवाले कर दिया गया। संगठन की ओर से डबुआ थाना पुलिस को शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

युवक पर नंदी से कुकर्म करने का आरोप

गौ रक्षा बजरंग फोर्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजकुमार पंचाल उर्फ बिट्टू बजरंगी के मुताबिक, उन्हें सूचना मिली थी कि डबुआ क्षेत्र में शहजाद नाम के युवक ने नंदी के साथ कथित रूप से कुकर्म किया है। सूचना मिलने के बाद संगठन की सदस्य निशा मौके पर पहुंची और युवक को पकड़ लिया। इसके बाद बिट्टू बजरंगी भी वहां पहुंच गए।

महिला ने जूते से पीटा, लोगों ने भी मारे लात

घटना का एक वीडियो सामने आया है। इसमें संगठन की महिला सदस्य युवक को थप्पड़ मारती दिखाई दे रही है। कुछ देर तक थप्पड़ मारने के बाद महिला अपना जूता उतारकर उससे युवक की पिटाई करने लगती है। इस दौरान वह युवक को गालियां भी देती सुनाई दे रही है।

वीडियो में महिला आसपास खड़े लोगों से भी युवक को पीटने के लिए कहती नजर आ रही है। इसके बाद वहां मौजूद कुछ लोग जमीन पर पड़े शहजाद को लातों से मारने लगते हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने पूरी घटना का वीडियो बना लिया।

पुलिस को सौंपा, जांच जारी

पिटाई के बाद मौके पर पुलिस को बुलाया गया। इसके बाद युवक को ऑटो में बैठाकर डबुआ थाने ले जाया गया। वहां गौ रक्षा बजरंग फोर्स के सदस्यों ने पुलिस को शिकायत दी। डबुआ थाना प्रभारी सुमेर सिंह के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस शिकायत में लगाए गए आरोपों और सामने आए वीडियो के आधार पर पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है।