Faridabad/Alive News: दिवाली के त्योहार पर घर जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे ने दिल्ली और झांसी के बीच स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला लिया है। हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के बीच 16 कोच की अनारक्षित स्पेशल ट्रेन चलाई जाएगी। इससे फरीदाबाद, पलवल, होडल और रास्ते में पड़ने वाले अन्य स्टेशनों के यात्रियों को भी सुविधा मिलेगी।
सामान्य टिकट लेकर कर सकेंगे सफर
इस स्पेशल ट्रेन में सफर करने के लिए यात्रियों को पहले से सीट आरक्षित कराने की जरूरत नहीं होगी। यात्री सामान्य टिकट लेकर यात्रा कर सकेंगे। त्योहार के दौरान नियमित ट्रेनों में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए रेलवे ने यह अतिरिक्त व्यवस्था की है।
5 नवंबर से शुरू होगी ट्रेन
रेलवे के अनुसार, ट्रेन संख्या 04412 हजरत निजामुद्दीन से वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी के लिए 5 से 7 नवंबर तक संचालित होगी। यह ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से शाम 6:50 बजे रवाना होगी और शाम 7:10 बजे फरीदाबाद पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद 7:12 बजे पलवल के लिए रवाना होगी। पलवल स्टेशन पर इसका ठहराव शाम 7:38 बजे से 7:40 बजे तक रहेगा।
इसके बाद ट्रेन रुंधी और होडल होते हुए मथुरा, आगरा और ग्वालियर के रास्ते अगले दिन सुबह 6 बजे झांसी पहुंचेगी।
वापसी में सुबह 6:30 बजे झांसी से चलेगी ट्रेन
झांसी से दिल्ली आने वाले यात्रियों के लिए ट्रेन संख्या 04411 का संचालन 6 से 8 नवंबर तक किया जाएगा। यह ट्रेन झांसी से सुबह 6:30 बजे रवाना होगी। ग्वालियर, मुरैना, धौलपुर, आगरा और मथुरा होते हुए दोपहर 2:50 बजे फरीदाबाद पहुंचेगी। यहां दो मिनट रुकने के बाद 2:52 बजे पलवल के लिए रवाना होगी और शाम 4 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
ट्रेन में होंगे 14 सामान्य और 2 एसएलआर कोच
रेलवे के अनुसार, स्पेशल ट्रेन में कुल 16 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 14 सामान्य श्रेणी और दो एसएलआर कोच शामिल होंगे। अनारक्षित व्यवस्था होने के कारण यात्री सामान्य टिकट लेकर सफर कर सकेंगे। इस ट्रेन से दिवाली के दौरान दिल्ली, फरीदाबाद, पलवल और झांसी के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।

