Faridabad/Alive News: बीके नागरिक अस्पताल में अल्ट्रासाउंड जांच कराने पहुंच रहे मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मशीन चालू होने के बावजूद एक दिन में करीब 20 मरीजों की ही जांच हो पा रही है। ऐसे में जांच के लिए पहुंचने वाले कई मरीजों को बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही वापस लौटना पड़ रहा है। गर्भवती महिलाओं को भी जांच के लिए इंतजार करना पड़ रहा है।
अस्पताल की अल्ट्रासाउंड मशीन करीब दो महीने तक खराब रही थी। इसके बाद संबंधित एजेंसी के इंजीनियर ने मरम्मत कर मशीन को चालू किया था। हालांकि, मरम्मत के बाद भी मशीन में बार-बार तकनीकी खराबी आ रही है। सोमवार को भी मशीन में दिक्कत आने के कारण जांच का काम प्रभावित रहा और पूरे दिन में करीब 20 मरीजों के ही अल्ट्रासाउंड हो सके।
जांच नहीं हो पाने के कारण मरीजों को दोबारा अस्पताल आने या निजी जांच केंद्रों पर जाने की परेशानी उठानी पड़ रही है।
क्या कहना है अधिकारी का
अल्ट्रासाउंड मशीन में तकनीकी समस्या आ रही है। इसे जल्द ठीक कराया जाएगा।
डॉ. विकास गोयल, कार्यवाहक प्रधान चिकित्सा अधिकारी।

