November 2, 2026

झाड़-फूंक के नाम पर युवती को नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप: मौलवी ने मांगे 51 हजार रुपये, सराय थाने में शिकायत दर्ज

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र से झाड़-फूंक के नाम पर एक युवती को कथित तौर पर नशीला पदार्थ पिलाने और इलाज के बहाने हजारों रुपये ऐंठने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की मां ने एक मौलवी पर बेटी को जहरीला या नशीला पदार्थ पिलाने का आरोप लगाते हुए सराय थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मामला उजागर होते ही बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने पीर के बाहर विरोध-प्रदर्शन करते हुए हनुमान चालीसा का पाठ किया।​

पानी और इलायची में नशीला पदार्थ देने का आरोप

वेदराम कॉलोनी की रहने वाली पीड़िता की मां शीला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उनकी बेटी स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के कारण सराय स्थित एक पीर पर झाड़-फूंक कराने गई थी। आरोप है कि वहां मौजूद मौलवी ने झाड़-फूंक के बहाने युवती को पानी और इलायची में कोई संदिग्ध नशीला पदार्थ मिलाकर खिला-पिला दिया। इसके बाद से ही युवती की हालत लगातार बिगड़ती चली गई।

​इलाज के नाम पर 51 हजार रुपये की मांग

पीड़िता की मां का कहना है कि जब उन्होंने मौलवी से बेटी की बिगड़ती स्थिति के बारे में बात की, तो उसने इलाज शुरू करने के लिए 51 हजार रुपये और पूरी तरह ठीक होने पर 21 हजार रुपये अतिरिक्त देने की शर्त रखी। परिजनों ने आरोप लगाया कि पैसे न देने पर मौलवी बात करने को भी तैयार नहीं हुआ। महिला ने पुलिस से अपनी बेटी की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए कहा है कि यदि उसकी बेटी को कुछ भी होता है तो इसके लिए सीधे तौर पर मौलवी जिम्मेदार होगा।​

पुलिस जांच और मौके पर हंगामा

घटना की सूचना मिलते ही बजरंग दल के कार्यकर्ता सराय स्थित पीर पर एकत्र हो गए और धरना देकर मौलवी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने लगे। मौके पर पहुंचे सराय थाना प्रभारी राकेश कुमार ने स्थिति को संभाला और पीड़िता की मां की शिकायत दर्ज की। थाना प्रभारी के अनुसार मामले की निष्पक्षता से जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।