November 2, 2026

डायनेस्टी स्कूल के विद्यार्थियों ने नुक्कड़ नाटक के जरिए ग्रीन दिवाली मनाने के लिए किया जागरूक

Faridabad/AliveNews: “दीपावली प्रकाश, खुशियों और उल्लास का पर्व है।” इस पावन अवसर पर पर्यावरण संरक्षण और पटाखों के दुष्प्रभावों के प्रति जन-जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से सेक्टर-28 स्थित डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल के विद्यार्थियों ने एक सराहनीय पहल की। विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन वर्मा के कुशल दिशा-निर्देशन में विद्यार्थियों ने सेक्टर-15 और क्राउन इंटीरियर मॉल में एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक की प्रस्तुति दी।​

नुक्कड़ नाटक के माध्यम से छात्रों ने जीवंत अभिनय और सशक्त संवादों के जरिए पटाखों से होने वाले वायु एवं ध्वनि प्रदूषण, बढ़ते पर्यावरणीय असंतुलन तथा मानव स्वास्थ्य और बेजुबान पशु-पक्षियों पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों को बेहद संवेदनशीलता के साथ रेखांकित किया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुति से उपस्थित जनसमुदाय को पटाखों से दूर रहने तथा दीपावली को स्वच्छ, सुरक्षित और पर्यावरण-अनुकूल यानी ग्रीन दिवाली मनाने का आह्वान किया।​

इस प्रस्तुति का मुख्य उद्देश्य समाज को यह संदेश देना था कि दीपावली की वास्तविक सुंदरता पटाखों के शोर और धुएं में नहीं, बल्कि दीपों के प्रकाश, आपसी प्रेम, सद्भाव और खुशियां बांटने में निहित है। विद्यार्थियों ने आम जनता से अपील की कि वे पर्यावरण सुरक्षा को अपनी व्यक्तिगत जिम्मेदारी समझें और प्रदूषण-मुक्त दीपावली मनाने का दृढ़ संकल्प लें।​

विद्यालय के प्रधानाचार्य नितिन वर्मा ने विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियां विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व, पर्यावरण के प्रति संवेदनशीलता और नैतिक मूल्यों के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने कहा कि समाज में बड़े बदलाव की शुरुआत ऐसे ही छोटे-छोटे सकारात्मक कदमों से होती है।

​डायनेस्टी इंटरनेशनल स्कूल की इस सामाजिक पहल ने आमजन को जागरूक करते हुए एक मुख्य संदेश दिया—“दीप जलाएं, खुशियां फैलाएं, पटाखे से दूर रहकर, पर्यावरण बचाएं।”