November 2, 2026

फरीदाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों को डायल-112 की जानकारी दी, पटाखे न जलाने के लिए किया जागरूक

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग टीम ने स्टूडेंट पुलिस कैडेट (एसपीसी) कार्यक्रम के तहत फिरोजपुर चंदेला विद्यालय में विद्यार्थियों को सुरक्षा और सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक किया। इस दौरान विद्यार्थियों को आपात स्थिति में पुलिस सहायता लेने के लिए डायल-112 सेवा की जानकारी दी गई।

कार्यक्रम में सामुदायिक पुलिसिंग सेल की प्रभारी निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों से संवाद किया। उन्होंने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत पुलिस सहायता पाने के लिए डायल-112 पर कॉल कर सकते हैं। साथ ही पुलिस की कार्यप्रणाली और आपातकालीन सेवाओं के बारे में भी जानकारी दी।

निरीक्षक सुनीता ने विद्यार्थियों से दीपावली पर पटाखे नहीं जलाने की अपील की। उन्होंने बताया कि पटाखों से वायु और ध्वनि प्रदूषण होता है, जिसका बच्चों, बुजुर्गों, पशु-पक्षियों और पर्यावरण पर बुरा असर पड़ता है। उन्होंने विद्यार्थियों को सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त दीपावली मनाने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी पटाखे न जलाने के लिए प्रेरित करने को कहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साह से भाग लिया।