Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ स्थित चावला कॉलोनी के एक होटल में महिला की गला घोंटकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा डीएलएफ ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि महिला द्वारा खर्चे के लिए पैसे मांगने पर दोनों के बीच विवाद हुआ था। इसी दौरान आरोपी ने पहले हाथों से महिला का गला दबाया और फिर उसकी साड़ी से गला घोंटकर हत्या कर दी।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, 31 अक्टूबर को शेखर कुमार निवासी मुंगेर, बिहार और उसके साथ आई महिला ने होटल में कमरा लिया था। दोपहर करीब 2 बजे आरोपी खाना लेने जाने की बात कहकर बाहर चला गया, लेकिन वापस नहीं लौटा। रात करीब 9:30 बजे होटल के सफाई कर्मचारी ने कमरे में महिला को मृत अवस्था में देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई और हत्या का मामला दर्ज किया गया।
मामले की जांच अपराध शाखा डीएलएफ को सौंपी गई। टीम ने 2 नवंबर को आरोपी शिव कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में पता चला कि आरोपी करीब चार साल पहले फरीदाबाद आया था। महिला और आरोपी की जान-पहचान करीब दो साल पहले हुई थी। दोनों सिकरी में एक ही इमारत में रहते थे।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने होटल में कमरा लेने के लिए अपनी आईडी के बजाय गांव के शेखर नाम के व्यक्ति का पहचान पत्र दिखाया था। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर आगे की पूछताछ करेगी।

