Faridabad/Alive News: सोशल मीडिया पर आकर्षक विज्ञापनों और रील्स के जरिए लोगों को ठगने वाले साइबर अपराधियों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने इंस्टाग्राम पर स्टेच्यू बनाने की रील दिखाकर एक महिला से 32,680 रुपये की ठगी करने के मामले में बैंक खाताधारक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रमन लाल निवासी अनीता विहार, जयपुर के रूप में हुई है, जो बीपीटी की पढ़ाई कर रहा है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार विष्णु कॉलोनी बल्लभगढ़ निवासी महिला ने शिकायत दी थी कि 15 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर स्टेच्यू बनाने की रील देखने के बाद उसने दिए गए लिंक पर क्लिक किया था। इसके बाद व्हाट्सएप के जरिए हुई बातचीत में ठगों ने उसे स्टेच्यू बनवाने का झांसा देकर अपने जाल में फंसाया और अलग-अलग बहानों से कुल 32,680 रुपये ट्रांसफर करवा लिए।
महिला की शिकायत पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में मामला दर्ज किया गया। तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने ठगी की रकम ट्रांसफर होने वाले बैंक खाते की सुरागकशी की और खाताधारक रमन लाल को दबोच लिया। पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी के खाते में ठगी की इस रकम में से 31,330 रुपये आए थे। पुलिस मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है।

