Faridabad/Alive News: एनआईटी विधानसभा क्षेत्र के डबुआ चौक और 60 फुट रोड पर अतिक्रमण और जाम की समस्या से लोग परेशान हैं। इस समस्या के समाधान की मांग को लेकर सामाजिक, फार्मा एवं आरटीआई कार्यकर्ता दीपक त्रिपाठी ने पुलिस कमिश्नर, डीसी, नगर निगम के अतिरिक्त आयुक्त, डीसीपी ट्रैफिक और थाना डबुआ के एसएचओ को शिकायत पत्र भेजा है।
शिकायत में कहा गया है कि डबुआ चौक पर रेहड़ियां, दुकानों के बाहर रखे बोर्ड और अन्य अवरोधों के कारण अक्सर जाम लग जाता है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वालों के बीच विवाद की स्थिति भी बनती है। वहीं, फुटपाथों पर अतिक्रमण होने के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूली बच्चों को सड़क पर चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है, जिससे हादसों का खतरा बना रहता है।
दीपक त्रिपाठी ने आरोप लगाया कि कुछ दुकानदार अपनी दुकानों के सामने रेहड़ियां लगवाकर कथित तौर पर किराया वसूल रहे हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि रात के समय इन रेहड़ियों को बिजली उपलब्ध कराई जाती है।
उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि नगर निगम, ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम क्षेत्र का निरीक्षण कर डबुआ चौक और 60 फुट रोड को अतिक्रमणमुक्त कराए। इसके अलावा, चौराहों पर नियमित पुलिस तैनाती और कथित अवैध वसूली की निष्पक्ष जांच कराने की मांग भी की गई है, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।

