Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस की सामुदायिक पुलिसिंग टीम और पुलिस चौकी सेक्टर-51A ने जी.डी. गोयनका पब्लिक स्कूल में ‘पुलिस की पाठशाला’ के तहत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 250 से 300 विद्यार्थियों और स्कूल स्टाफ ने भाग लिया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों, साइबर अपराधों से बचाव, ऑनलाइन धोखाधड़ी और सोशल मीडिया के सुरक्षित इस्तेमाल के बारे में जानकारी दी गई। इसके साथ ही डायल 112, दुर्गा शक्ति ऐप और ट्रिप मॉनिटरिंग की जानकारी भी दी गई।
पुलिस टीम ने बच्चों को गुड टच-बैड टच के बारे में समझाया और मोबाइल फोन का अनावश्यक इस्तेमाल न करने, गलत संगति से दूर रहने तथा खेलकूद और अन्य सकारात्मक गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को सलाह दी गई कि वे अनजान लिंक पर क्लिक न करें और अपना ओटीपी या पासवर्ड किसी के साथ साझा न करें।
फरीदाबाद पुलिस ने विद्यार्थियों और आमजन से अपील की कि वे अपनी सुरक्षा के प्रति जागरूक रहें। किसी भी आपात स्थिति, महिला संबंधी अपराध या साइबर ठगी की घटना होने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

