Faridabad/Alive News: फरीदाबाद में टाटा कंपनी के रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश के नाम पर 300 प्रतिशत मुनाफे का लालच देकर एक व्यक्ति से 1 लाख रुपये की साइबर ठगी करने के मामले में बड़ी कार्रवाई सामने आई है।
साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने ठगी के लिए बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले मुख्य आरोपी राहुल मिश्रा (निवासी जयपुर, राजस्थान) को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है। इस मामले में अब तक कुल सात आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-7 बल्लभगढ़ निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि इंस्टाग्राम पर इलेक्ट्रिक चार्जिंग स्टेशन के विज्ञापन के जरिए उसकी चैट एक जापानी महिला से हुई थी। महिला ने उसे टाटा के रीसाइक्लिंग प्रोजेक्ट में निवेश का झांसा दिया, जिसके बाद उसने 1 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर पुलिस में मामला दर्ज कराया गया।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार आरोपी राहुल मिश्रा ने अनुराग के माध्यम से खाताधारक संदीप और आशीष के करंट बैंक खाते प्राप्त किए थे और आगे इन्हें शिवम को उपलब्ध कराया था। ठगी की पूरी रकम इन्हीं खातों में ट्रांसफर हुई थी। पुलिस इस गिरोह के बाकी सदस्यों और अन्य संपर्कों का पता लगाने के लिए राहुल से रिमांड के दौरान पूछताछ कर रही है।

