October 28, 2026

घर में चोरी करने के मामले में आरोपी गिरफ्तार, चांदी के आभूषण और 6,800 रुपये बरामद

Faridabad/Alive News: एनआईटी क्षेत्र में एक घर से चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने के मामले में क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान अनखीर गांव निवासी भोला के रूप में हुई है। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर चांदी के आभूषण और 6,800 रुपये बरामद किए हैं।

पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, प्रेम सोसायटी, एनआईटी निवासी एक व्यक्ति ने पुलिस चौकी अनखीर में शिकायत दी थी कि 25 अक्टूबर को उसके घर से किसी अज्ञात व्यक्ति ने चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर थाना सूरजकुंड में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

जांच के दौरान क्राइम ब्रांच एनआईटी की टीम ने 27 अक्टूबर को भोला को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए उसने 25 अक्टूबर की सुबह चोरी की थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी के खिलाफ पहले भी जुआ अधिनियम और हत्या का मामला दर्ज है। वह वर्ष 2023 में जेल से बाहर आया था।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से दो चांदी के कंगन, दो पायल, एक ब्रेसलेट, दो चेन, एक लॉकेट और 6,800 रुपये बरामद किए हैं। आरोपी को अदालत में पेश कर जेल भेजने की प्रक्रिया की जाएगी।