Faridabad/Alive News: यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ फरीदाबाद पुलिस ने विशेष अभियान चलाया। डीसीपी बल्लभगढ़ प्रतीक अग्रवाल के निर्देशन में 21 से 25 अक्टूबर तक चले इस अभियान में कुल 690 चालान किए गए। पुलिस ने बिना नंबर प्लेट, बिना हाई सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन प्लेट (एचएसआरपी) और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, अभियान के दौरान बिना नंबर प्लेट वाले 218 वाहनों के चालान किए गए, जबकि बिना एचएसआरपी के चल रहे 457 वाहनों पर कार्रवाई की गई। वहीं, शराब पीकर वाहन चलाने के 15 मामले सामने आए।
थाना क्षेत्रों में हुई कार्रवाई के तहत शहर बल्लभगढ़ में सबसे अधिक 221 चालान किए गए। थाना सेक्टर-8 में 185, छायंसा में 113, तिगांव में 84, सदर बल्लभगढ़ में 82 और आदर्श नगर थाना क्षेत्र में 5 चालान किए गए।
पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों पर नियमानुसार नंबर प्लेट और एचएसआरपी लगवाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें। शराब पीकर वाहन चलाने से सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और दूसरे लोगों की जान भी जोखिम में पड़ सकती है। पुलिस ने कहा कि सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

