October 28, 2026

स्ट्रोक के लक्षण दिखते ही मिलेगी मदद, फरीदाबाद के दो अस्पतालों ने शुरू किया हेल्पलाइन नम्बर

Faridabad/Alive News: चेहरे का अचानक टेढ़ा होना, हाथ-पैर में कमजोरी या बोलने में परेशानी को सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज करना जानलेवा हो सकता है। स्ट्रोक के मरीजों को समय पर इलाज मिल सके, इसके लिए ग्रेटर फरीदाबाद स्थित एकॉर्ड सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल और सेक्टर-20 स्थित यथार्थ सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल ने विश्व स्ट्रोक दिवस पर समर्पित फ्री हेल्पलाइन शुरू करने की घोषणा की है। यथार्थ अस्पताल ने हेल्पलाइन के साथ स्ट्रोक एंबुलेंस सेवा भी शुरू की है। इसका उद्देश्य मरीजों को शुरुआती लक्षणों की पहचान से लेकर अस्पताल तक पहुंचाने में मदद करना है।

फ्री परामर्श हेल्पलाइन किये शुरू

एकॉर्ड अस्पताल की हेल्पलाइन 96670 69999 है, जबकि यथार्थ अस्पताल की हेल्पलाइन 7669999225 है। इन नंबरों पर संपर्क कर मरीजों के परिजन विशेषज्ञों से मार्गदर्शन ले सकेंगे। जरूरत पड़ने पर यथार्थ अस्पताल की ओर से एंबुलेंस की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

एकॉर्ड अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. रोहित गुप्ता ने बताया कि स्ट्रोक में हर मिनट महत्वपूर्ण होता है। शुरुआती लक्षणों को सामान्य कमजोरी समझने से अस्पताल पहुंचने में देरी हो सकती है। अस्पताल में मरीजों के त्वरित उपचार के लिए ‘कोड फास्ट’ प्रोटोकॉल अपनाया जाता है, जिसके तहत इमरजेंसी, न्यूरोलॉजी और रेडियोलॉजी समेत संबंधित टीमें मिलकर काम करती हैं। पात्र मरीजों को आधुनिक उपचार सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाती हैं।

वहीं, यथार्थ अस्पताल के न्यूरोलॉजी विभाग के चेयरमैन डॉ. कुणाल बहरानी ने कहा कि स्ट्रोक के लक्षण दिखने पर इंतजार नहीं करना चाहिए। समय पर इलाज मिलने से मस्तिष्क को होने वाले नुकसान और स्थायी दिव्यांगता का खतरा कम करने में मदद मिल सकती है।

फास्ट से पहचानें स्ट्रोक के लक्षण

  • एफ (फेस): चेहरा अचानक एक तरफ झुकना।
  • ए (आर्म): हाथ में कमजोरी या सुन्नपन।
  • एस (स्पीच): बोलने में परेशानी या आवाज लड़खड़ाना।
  • टी (टाइम): तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें।

स्ट्रोक के संदेह में हेल्पलाइन पर संपर्क करने के साथ तुरंत आपातकालीन चिकित्सा सहायता लें। फोन पर मार्गदर्शन के लिए अस्पताल पहुंचने में देरी न करें।