Faridabad/Alive News: स्कूलों के विद्यार्थियों का डाटा अपडेट करना हो या बजट और बिलिंग से जुड़े काम, बिजली आपूर्ति बाधित होते ही शिक्षा विभाग के कार्यालयों में काम रुक जाता है। सेक्टर-16 स्थित जिला शिक्षा अधिकारी और जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में मंगलवार को भी यही स्थिति देखने को मिली। बिजली का बैकअप नहीं होने के कारण करीब 40 मिनट तक कंप्यूटर आधारित कामकाज प्रभावित रहा। इससे कर्मचारियों के साथ अपने काम के लिए कार्यालय पहुंचे शिक्षकों और अभिभावकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ा।
शिकायत के बाद बहाल हुई बिजली
मंगलवार दोपहर 12:30 से 1:10 बजे तक कार्यालय में बिजली आपूर्ति बाधित रही। इस दौरान विभिन्न शाखाओं में डाटा अपडेट करने, बिलिंग और जनसुनवाई से जुड़े काम रुक गए। अधिकारियों ने बिजली निगम को शिकायत दी, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हुई और कामकाज दोबारा शुरू हो सका।
एमआईएस पोर्टल से लेकर स्कूलों की शिकायतों तक का काम प्रभावित
कार्यालय में एमआईएस पोर्टल पर विद्यार्थियों का डाटा अपडेट करने, बजट और एस्टीमेट तैयार करने, मिड-डे मील का ब्योरा भेजने, परीक्षा परिणामों की जानकारी दर्ज करने और स्कूलों को ईमेल भेजने जैसे काम किए जाते हैं। इसके अलावा विभागीय वेबसाइट पर मिलने वाली स्कूलों की शिकायतों का निपटारा भी किया जाता है। कर्मचारियों के अनुसार, बिजली जाते ही ये काम रुक जाते हैं और लंबित कार्यों को पूरा करने में देरी होती है।
वर्जन
बिजली निगम को शिकायत दी गई थी, जिसके बाद आपूर्ति बहाल हो गई। बिजली कटौती के दौरान काम प्रभावित हुआ और कर्मचारियों को भी परेशानी हुई। कार्यालय में बैकअप की व्यवस्था की जा रही है।

