October 27, 2026

जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता में छाया ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का मुद्दा

पटौदी में जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता 2026 में भाग लेते विद्यार्थी

Gurugram/Alive News: पटौदी स्थित राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 27 अक्टूबर को जिला स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता-2026 का आयोजन किया गया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट), गुरुग्राम की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ का मुद्दा प्रमुखता से छाया रहा। इसके अलावा विद्यार्थियों ने बढ़ती महंगाई और भ्रष्टाचार जैसे देशव्यापी मुद्दों पर भी अपने विचार रखे।

डाइट की प्रिंसिपल एवं जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी के नेतृत्व तथा वरिष्ठ प्रवक्ता एवं डीआरयू विंग प्रभारी अरुण कुमार राघव के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रतियोगिता में 9वीं से 12वीं कक्षा तक के 50 विद्यार्थियों और चार शिक्षकों ने भाग लिया। विद्यार्थियों ने युवा सांसदों की भूमिका निभाते हुए संसद की कार्यवाही और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को समझने का प्रयास किया।

कार्यक्रम का उद्देश्य नई शिक्षा नीति-2020 के अनुरूप विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास को बढ़ावा देना और उन्हें देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था तथा संसद की कार्यप्रणाली से परिचित कराना था।

इस अवसर पर डीआरयू विंग प्रभारी अरुण कुमार राघव, डाइट गुरुग्राम की कार्यक्रम पर्यवेक्षक कनिका भारद्वाज, डीआरयू विंग की सदस्य रश्मि पवार और विद्यालय के प्रिंसिपल शैलेंद्र कुमार शुक्ला ने विद्यार्थियों को संबोधित किया।

प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में राजनीति विज्ञान की प्रवक्ता अवधेश, शशि यादव और कृष्ण पाल शामिल रहे। कार्यक्रम को सफल बनाने में खंड शिक्षा अधिकारी पटौदी महेश कुमार, विद्यालय के प्रिंसिपल शैलेंद्र कुमार शुक्ला, प्रवक्ता योगेश कुमार, सुनील कुमारी, कृष्ण कुमार और जिला कार्यक्रम नोडल अधिकारी राम किशन वत्स सहित अन्य सदस्यों का सहयोग रहा।

कार्यक्रम के जिला स्तरीय नोडल अधिकारी राम किशन वत्स ने आयोजन में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया।