Faridabad/Alive News: केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि फरीदाबाद में सड़क, बिजली, सीवर और हाईवे कनेक्टिविटी को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने रविवार को भगत सिंह चौक से एनएच-4 की दीवार के साथ कोड़ी कॉलोनी और गांधी कॉलोनी-आईटीआई रोड पर निर्माण कार्यों का नारियल तोड़कर शुभारंभ किया। इस दौरान बड़खल विधायक धनेश अदलखा भी मौजूद रहे।
कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि केंद्र और हरियाणा सरकार लोगों को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही हैं। फरीदाबाद को दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा और जेवर एयरपोर्ट से बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न परियोजनाओं पर काम किया जा रहा है। इसके अलावा, गुरुग्राम से फरीदाबाद होते हुए नोएडा और जेवर एयरपोर्ट तक रेल कनेक्टिविटी मजबूत करने के प्रयास भी किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शहर में 11 हजार वोल्ट की बिजली लाइनों को भूमिगत करने का काम शुरू किया गया है। इससे खराब मौसम में बिजली आपूर्ति बाधित होने की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
विधायक धनेश अदलखा ने बताया कि गांधी कॉलोनी में करीब 3.75 करोड़ रुपये की लागत से दो सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। अगले 90 दिनों में सड़कों को सीमेंटेड करने का लक्ष्य रखा गया है। सीवर लाइन का काम पूरा होने वाले स्थानों पर सड़क निर्माण शुरू कर दिया गया है। उन्होंने दीपावली तक संबंधित वार्डों में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने का लक्ष्य भी बताया।
इस अवसर पर पार्षद सुमन बाला, सरदार जसवंत सिंह, सतीश चंदेला और अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

