October 26, 2026

4 एकड़ की अवैध कॉलोनी पर चला बुलडोजर, 10 डीपीसी समेत 4 निर्माण ध्वस्त

Faridabad/Alive News: जिले के मजेरी गांव की राजस्व संपदा में विकसित की जा रही करीब 4 एकड़ में फैली अनधिकृत कॉलोनी के खिलाफ जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने तोड़फोड़ अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान अवैध निर्माणों को ध्वस्त करने के साथ प्लॉटिंग के लिए तैयार किए गए ढांचों और कच्चे रास्तों को भी हटाया गया।

अभियान के दौरान विभाग की टीम ने कॉलोनी में बने दो पक्के निर्माण और दो चारदीवारी तोड़ दीं। इसके अलावा प्लॉटों पर निर्माण शुरू करने के लिए बनाई गईं 10 डीपीसी (डैम्प प्रूफ कोर्स) को भी ध्वस्त कर दिया गया। कॉलोनी में प्लॉटों तक पहुंचने के लिए बनाए गए कच्चे रास्तों को मशीनों की मदद से खत्म कर दिया गया।

अवैध प्लॉटिंग रोकने के लिए कार्रवाई

जिला नगर योजनाकार विभाग की इस कार्रवाई का उद्देश्य बिना अनुमति विकसित की जा रही कॉलोनी में अवैध प्लॉटिंग और निर्माण गतिविधियों पर रोक लगाना है। विभाग की ओर से लोगों को ऐसी अनधिकृत कॉलोनियों में प्लॉट खरीदने या निर्माण कराने से बचने की सलाह दी जाती रही है।

प्लॉट खरीदने से पहले वैधता जांचें : डीटीपी

जिला नगर योजनाकार (इंफोर्समेंट) अधिकारी यश चौधरी ने कहा कि बिना अनुमति कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाती है। उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने या निर्माण कार्य शुरू करने से पहले संबंधित विभाग से उसकी वैधता की जांच जरूर कर लें।

उन्होंने कहा कि सावधानी बरतने से लोगों को भविष्य में आर्थिक नुकसान और कानूनी परेशानियों से बचाया जा सकता है।