Faridabad/Alive News: सेक्टर-77 स्थित मेन रोड पर टैक्सी में मिले ड्राइवर के शव के मामले का फरीदाबाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज दो घंटे में भंडाफोड़ कर दिया है। क्राइम ब्रांच सेंट्रल की टीम ने हत्या के आरोप में चांदपुर निवासी कुंदन को गिरफ्तार किया है। वारदात के पीछे टैक्सी परमिट के पैसों को लेकर हुआ आपसी विवाद बताया जा रहा है।
सहायक पुलिस आयुक्त (अपराध-2) वरुण कुमार दहिया ने प्रेस वार्ता में जानकारी दी कि 25 अक्टूबर की सुबह पुलिस को सेक्टर-77 मेन रोड पर खड़ी एक टैक्सी में व्यक्ति का शव होने की सूचना मिली थी। थाना बीपीटीपी, एफएसएल और क्राइम ब्रांच की टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मृतक की पहचान प्रकाश (उम्र 50), निवासी केएलजे सोसायटी सेक्टर-77 के रूप में हुई। मृतक के भाई निर्मल की शिकायत पर थाना बीपीटीपी में हत्या का मामला दर्ज किया गया।
जांच में सामने आया कि प्रकाश और कुंदन दोनों टैक्सी चालक थे और पिछले चार वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे। कुंदन अपनी टैक्सी का परमिट प्रकाश के जरिए बनवाता था। 24-25 अक्टूबर की रात दोनों गाड़ी में बैठकर पार्टी कर रहे थे। इस दौरान परमिट के पैसों को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर कुंदन ने गाड़ी में रखे तौलिए से प्रकाश का गला घोंट दिया और फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज होते ही त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

