Faridabad/Alive News: फरीदाबाद पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 17 से 23 अक्टूबर तक 42 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने 11 मामलों में कार्रवाई के दौरान 14,35,898 रुपये बरामद किए हैं। इसके अलावा साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई करते हुए 38,56,987 रुपये विभिन्न बैंक खातों में फ्रीज कराए गए। इस दौरान 353 शिकायतों का निपटारा भी किया गया।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक के नेतृत्व में तीनों साइबर थानों की टीमों ने यह कार्रवाई की। साइबर थाना एनआईटी ने चार मामलों, साइबर थाना सेंट्रल ने पांच और साइबर थाना बल्लभगढ़ ने दो मामलों में कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं।
तीन साइबर थानों की टीमों ने की कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, इस अभियान में नाहर सिंह, सुरेंद्र सिंह, प्रीतम जांगिड़, शोभा गंगवाल, बिजेन्दर कुमार, दीपक, मोहम्मद मोहसिन, मोहम्मद फिरासत, राहुल, सर्वेश, हर्ष, गोपाल कुमार, श्रवण, अभिषेक, आदित्य, शेखर, जतिन, मोहम्मद मुंसार, निखिल, ज्ञान सिंह, धनेन्द्र पटेल, केशव रावत, रोहित, हसीबुल करीकर, अर्जुन लाल, अपील चकमा, फिरोज खान, प्रकाश यादव, उमरसैद, मुकुल, रौनक सिंह, हैदर अली, पवन सिंह, नवीन, सुखचैन सिंह, अंकित मित्तल, सूरज कुमार और कुलदीप सहित अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस की सलाह
पुलिस उपायुक्त मुख्यालय हिमाद्री कौशिक ने लोगों से अपील की है कि वे अनजान व्यक्तियों के साथ अपनी निजी और बैंकिंग जानकारी साझा न करें। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने से बचें और अपना ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी या अन्य गोपनीय विवरण किसी को न बताएं।

