Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद में रविवार को एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ चूहे मारने की दवा निगल ली। चारों की तबीयत बिगड़ने पर बड़ी बेटी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस से मदद मांगी। पुलिस ने महिला और तीनों बच्चों को बादशाह खान सिविल अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने चारों को दिल्ली रेफर कर दिया।
महिला की 17 वर्षीय बेटी ने अपने पिता पर मां के साथ मारपीट करने और उसके चरित्र पर शक करने के आरोप लगाए हैं। बेटी का कहना है कि पिता की कथित प्रताड़ना से परिवार परेशान था। पुलिस के अनुसार, मामले में अभी तक लिखित शिकायत नहीं मिली है।
पल्ला क्षेत्र की घटना
पुलिस के मुताबिक, मामला फरीदाबाद के पल्ला क्षेत्र स्थित सूर्या विहार फेस-2 का है। परिवार मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। महिला माला का पति सुनील भारतीय नौसेना में तैनात है और उसकी पोस्टिंग दिल्ली में बताई गई है। वह पत्नी और तीन बच्चों के साथ रहता है।
माला एक निजी कंपनी की मार्केटिंग विंग में काम करती है। उसकी बड़ी बेटी सृष्टि 17 साल की है और 11वीं कक्षा में पढ़ती है। दो बेटे राम, 13 वर्ष और रुद्र, 11 वर्ष के हैं।
बेटी ने पिता पर लगाए मारपीट के आरोप
बेटी सृष्टि के अनुसार, रविवार सुबह वह घर की छत पर बने कमरे में थी। इसी दौरान उसके पिता ने उसका मोबाइल फोन छीन लिया और कथित तौर पर गाली-गलौज की। इसके बाद उसने अपनी मां को फोन करके बुलाया। बेटी का आरोप है कि पिता ने मां के साथ भी गाली-गलौज और मारपीट की।
मां ने बच्चों के साथ निगली दवा
बेटी ने बताया कि दोपहर में मां ने परेशान होकर चूहे मारने की दवा निगल ली और तीनों बच्चों को भी दवा दे दी। कुछ समय बाद चारों की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद बेटी ने डायल 112 पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला व तीनों बच्चों को अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए चारों को दिल्ली रेफर कर दिया।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई
पुलिसकर्मी सुरेश के अनुसार, सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों को अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस का कहना है कि पल्ला थाने में अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने के बाद मामले में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

