October 24, 2026

क्रेडिट कार्ड रिडीम कराने के नाम पर 62 हजार की ठगी, महिला कॉलर समेत 2 गिरफ्तार

​Faridabad/Alive News: साइबर थाना NIT पुलिस ने क्रेडिट कार्ड के रिवॉर्ड पॉइंट रिडीम कराने के नाम पर 62,029 रूपए की ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए एक महिला कॉलर और खाताधारक को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान निखिल पुनिया (गाजियाबाद, यूपी) और महिला कॉलर के रूप में हुई है। ​पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, एनआईटी फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि 13 सितंबर को उनके पास बैंक प्रतिनिधि बनकर आई एक महिला का फोन आया। महिला ने क्रेडिट कार्ड रिवॉर्ड पॉइंट्स रिडीम करने का झांसा देकर एक फर्जी वेब लिंक पर कार्ड की जानकारी दर्ज करवा ली। इसके तुरंत बाद पीड़ित के खाते से 62,029 रुपये कट गए।​साइबर थाना एनआईटी में मामला दर्ज कर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दोनों आरोपियों को दबोच लिया। जांच में सामने आया कि 10वीं पास निखिल इस मामले में खाताधारक है, जिसके खाते में ठगी के 60 हजार रूपए ट्रांसफर हुए थे, जबकि 12वीं पास महिला कॉलर लोगों को झांसे में लेती थी। दोनों आरोपी होटल में कमरा लेकर इस ठगी को अंजाम देते थे। पुलिस ने महिला को जेल भेज दिया है और निखिल को रिमांड पर लिया है।