October 24, 2026

20.32 करोड़ रुपये से बनेगा बल्लभगढ़ नगर निगम का नया भवन, बेसमेंट में होगी 50 गाड़ियों की पार्किंग

Faridabad/Alive News: बल्लभगढ़ नगर निगम के जर्जर कार्यालय भवन की जगह नया भवन बनाने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। करीब 20.32 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस भवन के निर्माण टेंडर की दरों पर शनिवार को चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता वाली हाई पावर्ड वर्क्स कमेटी की बैठक में चर्चा होगी। बैठक में टेंडर की दरों पर विचार करने के बाद आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी। हालांकि, निर्माण कार्य शुरू होने की तारीख टेंडर को अंतिम मंजूरी मिलने और वर्क ऑर्डर जारी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

दो निर्माण कंपनियों को बुलाया

बल्लभगढ़ नगर निगम के एक्सईएन डालचंद ने बताया कि इंजीनियरिंग विभाग ने नए भवन के निर्माण के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार कर सरकार को भेजी थी। इस परियोजना के लिए करीब 20.32 करोड़ रुपये की राशि मंजूर हो चुकी है।

निर्माण टेंडर की दरों पर चर्चा के लिए दो कंपनियों को बैठक में बुलाया गया है। इनमें मैसर्स शिव कंस्ट्रक्शन कंपनी, जींद और मैसर्स बालाजी ड्रोबिल्ड प्राइवेट लिमिटेड, नई दिल्ली शामिल हैं। टेंडर की दरों पर चर्चा और अंतिम मंजूरी मिलने के बाद निर्माण कार्य शुरू करने का रास्ता साफ होगा।

एक ही भवन में बैठेंगे सभी विभागों के अधिकारी

नए भवन में नगर निगम के इंजीनियरिंग, टैक्स, सफाई विभाग सहित अन्य शाखाओं के अधिकारियों और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। दो मंजिला भवन में 30 से अधिक कमरे बनाए जाने प्रस्तावित हैं। इससे निगम के सभी विभाग एक ही परिसर में संचालित हो सकेंगे।

इसका लाभ शहरवासियों को भी मिलेगा। उन्हें अपने काम के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे और अधिकारियों से संपर्क करना आसान होगा।

आईटी सेल के लिए अलग कमरा

नए भवन में आईटी सेल के लिए अलग कमरा बनाया जाएगा। यहां शहरवासी अपने बिलों का भुगतान करने के साथ अन्य ऑनलाइन कार्य भी कर सकेंगे। इसके अलावा, कार्यालय आने वाले लोगों के बैठने के लिए भी उचित व्यवस्था की जाएगी, ताकि उन्हें अपने काम के लिए इंतजार के दौरान परेशानी न हो।

बेसमेंट में 50 गाड़ियों की पार्किंग

भवन के बेसमेंट में करीब 50 गाड़ियों की पार्किंग बनाने की योजना है। इससे कार्यालय आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आम लोगों को वाहन खड़े करने की सुविधा मिलेगी। नया भवन तैयार होने के बाद बल्लभगढ़ जोन के नगर निगम कार्यालय में जगह की कमी दूर होने और विभिन्न विभागों के कामकाज को व्यवस्थित करने में मदद मिलने की उम्मीद है।