October 23, 2026

प्रदूषण बढ़ते ही आंखों में जलन-खुजली की शिकायतें

Faridabad/Alive News: शहर में बढ़ते प्रदूषण के बीच सुबह की सैर करने वालों की आंखों पर भी असर पड़ने लगा है। खुले में टहलने और व्यायाम करने के दौरान लोगों को आंखों में जलन, खुजली और लालिमा की शिकायत हो रही है। बीके अस्पताल में रोजाना करीब 25 मरीज आंखों से जुड़ी समस्याएं लेकर पहुंच रहे हैं। नेत्र रोग विशेषज्ञों के अनुसार, हवा में मौजूद धूल और बारीक प्रदूषित कण आंखों की सतह को प्रभावित कर सकते हैं। ऐसे में सुबह की सैर के दौरान भी सावधानी बरतना जरूरी है।

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता ने बताया कि प्रदूषण बढ़ने के शुरुआती दिनों में आंखों में परेशानी अधिक महसूस हो सकती है। जिन लोगों को पहले से एलर्जी या आंखों से संबंधित समस्या है, उन्हें विशेष सतर्कता बरतनी चाहिए। आंखों में खुजली या जलन होने पर उन्हें बार-बार रगड़ने से बचना चाहिए, क्योंकि इससे परेशानी बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि प्रदूषण अधिक होने पर खुले में व्यायाम करने से बचना चाहिए। बाहर निकलते समय चश्मा पहनने से आंखों का धूल के सीधे संपर्क में आना कम हो सकता है। आंखों में परेशानी होने पर साफ पानी से हल्के हाथों से धो सकते हैं।