October 22, 2026

बीटेक छात्रा पर जर्मन शेफर्ड का हमला, कमर और बाजू पर काटा

Faridabad/Alive News: सेक्टर-37 के अशोका एन्क्लेव पार्ट-2 में पालतू कुत्ते को घुमाने निकली बीटेक की छात्रा पर पड़ोसी के जर्मन शेफर्ड कुत्ते ने हमला कर दिया। छात्रा ने अपने पोमेरियन कुत्ते को गोद में उठाकर बचाने की कोशिश की, लेकिन जर्मन शेफर्ड ने उसकी दाईं बाजू और कमर पर काट लिया। घायल छात्रा को अस्पताल में उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है।

छात्रा सृष्टि शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह एक निजी कॉलेज में बीटेक सेकेंड ईयर की पढ़ाई कर रही है। 17 अक्टूबर की सुबह करीब 6:45 से 7 बजे के बीच वह अपने पालतू कुत्ते को घुमाने निकली थी। इसी दौरान पड़ोसी सिकंदर शर्मा का जर्मन शेफर्ड खुला घूमते हुए उसकी तरफ दौड़ पड़ा। खुद को बचाने के लिए सृष्टि ने अपने कुत्ते को गोद में उठा लिया, लेकिन जर्मन शेफर्ड ने उस पर हमला कर दिया। छात्रा के चिल्लाने के बावजूद कुत्ते ने उसकी बाजू और कमर पर काट लिया।

सृष्टि के अनुसार, शोर सुनने के काफी देर बाद कुत्ते की मालकिन मौके पर पहुंची और कुत्ते को काबू किया। इसके बाद छात्रा को अमृता अस्पताल ले जाया गया, जहां इमरजेंसी में उसका उपचार किया गया। एंटी-रेबीज का टीका लगाने के बाद उसे छुट्टी दे दी गई।

कुत्ते के मालिक दंपती के खिलाफ मामला दर्ज

छात्रा की शिकायत पर सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने कुत्ते के मालिक सिकंदर शर्मा और उनकी पत्नी सुषमा शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी राकेश के अनुसार, दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 291 और 125(ए) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।