Faridabad/Alive News: पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़े के तहत फरीदाबाद में शहीद पुलिसकर्मियों एएसआई योगराज मेहता और सिपाही सतबीर को श्रद्धांजलि दी गई। 22 अक्टूबर को आयोजित कार्यक्रमों में अधिकारियों, शहीदों के परिजनों और स्थानीय लोगों ने उनके चित्रों पर पुष्प अर्पित कर उनके बलिदान को याद किया।
एनआईटी-5 स्थित राजकीय बाल माध्यमिक विद्यालय में एएसआई योगराज मेहता और गांव जाजरू स्थित राजकीय माध्यमिक विद्यालय में सिपाही सतबीर को श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम में सहायक पुलिस आयुक्त एनआईटी प्रियांशु दिवान, भलाई निरीक्षक माया, शहीदों के परिजन और क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।
एएसआई योगराज मेहता ने कर्तव्य निभाते हुए दिया बलिदान
सहायक पुलिस आयुक्त प्रियांशु दिवान ने बताया कि वर्ष 1976 में ईस्ट इंडिया कॉटन मिल के सैकड़ों कर्मचारी हथियारों के साथ उग्र हो गए थे। उस समय कानून-व्यवस्था संभालने के दौरान एएसआई योगराज मेहता अपने साथी पुलिसकर्मियों के साथ स्थिति का सामना कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राणों का बलिदान दे दिया। एनआईटी-5 स्थित विद्यालय में उनकी स्मृति में चित्र लगाया गया है, ताकि विद्यार्थी उनके साहस और कर्तव्यनिष्ठा से प्रेरणा ले सकें।
सिपाही सतबीर की वीरता को किया याद
कार्यक्रम में सिपाही सतबीर के बलिदान को भी याद किया गया। पुलिस के अनुसार, मेवात के गांव घुसपैठी में बिना नंबर प्लेट वाले डंपरों में अवैध रूप से गायों को ले जाने की सूचना पर पुलिस ने नाका लगाया था। संदिग्ध डंपरों को रोकने के प्रयास के दौरान सिपाही सतबीर गंभीर रूप से घायल हो गए और एक डंपर उनके ऊपर से गुजर गया। इस घटना में उनकी मृत्यु हो गई।
हरियाणा सरकार की पहल पर 21 से 30 अक्टूबर तक मनाए जा रहे पुलिस शहीदी दिवस पखवाड़े का उद्देश्य कर्तव्य निभाते हुए प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिसकर्मियों को याद करना और उनके साहस, समर्पण व कर्तव्यनिष्ठा से नई पीढ़ी को प्रेरित करना है।

