October 22, 2026

सूरजकुंड दिवाली मेले में 650 से अधिक पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा, सीसीटीवी से होगी निगरानी

Faridabad/Alive News: सूरजकुंड में 23 से 26 अक्टूबर तक आयोजित होने वाले दिवाली उत्सव मेले की सुरक्षा के लिए फरीदाबाद पुलिस ने व्यापक प्रबंध किए हैं। मेले में 650 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पुलिस उपायुक्त (एनआईटी) उत्तम को सुरक्षा व्यवस्था की नोडल अधिकारी बनाया गया है। मेले में बड़ी संख्या में लोगों और वीआईपी के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस विशेष सतर्कता बरतेगी।

पुलिस के अनुसार, मेले के प्रवेश और निकास द्वारों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों तथा प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। भीड़ प्रबंधन, बैरिकेडिंग और आपात स्थिति से निपटने के लिए भी आवश्यक इंतजाम किए गए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखेंगे।

सीसीटीवी और बम निरोधक टीम रहेगी तैनात

मेले में सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी। इसके लिए कंट्रोल रूम बनाया गया है, जहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा एंटी-सबोटाज टीम, बम निरोधक टीम और डॉग स्क्वायड भी सुरक्षा जांच करेंगे। किसी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु के मिलने पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।

यातायात व्यवस्था के लिए भी इंतजाम

मेले के आसपास यातायात सुचारु रखने के लिए प्रमुख मार्गों और चौराहों पर यातायात पुलिस तैनात रहेगी। वाहन चालकों से निर्धारित पार्किंग स्थलों का इस्तेमाल करने और सड़क पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की गई है।

फरीदाबाद पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे मेले में अपने मोबाइल, पर्स और अन्य कीमती सामान का ध्यान रखें तथा बच्चों को अकेला न छोड़ें। किसी भी अफवाह पर भरोसा न करें और भ्रामक जानकारी सोशल मीडिया पर साझा करने से बचें। पुलिस ने लोगों से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।