October 22, 2026

घर की छत से 350 किलो प्रतिबंधित पटाखे बरामद, आरोपी गिरफ्तार

फरीदाबाद के सीकरी गांव में पुलिस द्वारा बरामद 350.415 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के सीकरी गांव में पुलिस ने अवैध रूप से पटाखे बेचने के मामले में कार्रवाई करते हुए 350.415 किलोग्राम प्रतिबंधित पटाखे बरामद किए हैं। अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम ने पटाखे रखने के आरोप में गांव निवासी मदन को मौके से पकड़ लिया। पुलिस के अनुसार, पटाखे घर की छत पर बने कमरे में प्लास्टिक के कट्टों में रखे गए थे।

पुलिस प्रवक्ता के मुताबिक, अपराध शाखा सेक्टर-65 की टीम को सूचना मिली थी कि मदन अपने घर से अवैध रूप से पटाखे बेचने का काम करता है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई की और छत पर बने कमरे की तलाशी ली। वहां से रॉकेट बम, सुतली बम, मुर्गा पटाखे, हवाई आतिशबाजी, अनार, फुलझड़ी और फिरकी सहित विभिन्न प्रकार के पटाखे बरामद हुए।

पुलिस ने पटाखे रखने और बेचने के संबंध में मदन से लाइसेंस व परमिट मांगा, लेकिन वह कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सका। इसके बाद आरोपी के खिलाफ थाना सेक्टर-58 में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की गई।