October 22, 2026

फरीदाबाद में 13 घंटे से बिजली गुल, लोगों ने रोड जाम किया; पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लिया

Faridabad/Alive News: फरीदाबाद के एनआईटी-2 में लखानी धर्मशाला के पास बिजली कटौती से परेशान लोगों ने बिजली विभाग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया और सड़क जाम कर दिया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में करीब 13 घंटे से बिजली नहीं आ रही है। बिजली आपूर्ति ठप होने से घरों में पानी खत्म हो गया और रोजमर्रा के कामकाज प्रभावित हो रहे हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम खुलवाया। इस दौरान पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया।

13 घंटे से बिजली नहीं आने से बढ़ी परेशानी

प्रदर्शन कर रही महिलाओं पूजा और कनिका शर्मा ने बताया कि बिजली नहीं आने से घरों में पानी की किल्लत हो गई है। बिजली के बिना मोटर नहीं चल पा रही, जिससे पीने और दूसरे जरूरी कामों के लिए पानी जुटाना मुश्किल हो गया है। सड़क पर बैठे बीरेंद्र ने कहा कि बिजली आपूर्ति बहाल नहीं होने से लोगों की परेशानी बढ़ रही है। इसी के विरोध में लोगों ने बिजली कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया।

24 अक्टूबर तक बिजली कर्मचारियों की हड़ताल

हरियाणा में बिजली कर्मचारियों और इंजीनियरों ने 22 से 24 अक्टूबर तक तीन दिवसीय हड़ताल का ऐलान किया है। कर्मचारी गुरुग्राम और नूंह में निजी कंपनी इलेवन पावर प्राइवेट लिमिटेड को बिजली वितरण का समानांतर लाइसेंस देने के फैसले का विरोध कर रहे हैं। हालांकि, एनआईटी-2 में बिजली आपूर्ति बाधित होने का सीधा कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है।

पुलिस ने खुलवाया जाम

सड़क जाम की सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर रास्ता खुलवाया। इस दौरान एक व्यक्ति को हिरासत में भी लिया गया। स्थानीय लोग बिजली आपूर्ति जल्द बहाल करने की मांग कर रहे हैं। बिजली विभाग की ओर से सप्लाई बंद होने की वजह और उसे बहाल करने के समय को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।