October 22, 2026

रिटायर्ड एसआई के घर फायरिंग, 3 गोलियां चलाईं; सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश

फरीदाबाद में रिटायर्ड एसआई के घर फायरिंग करते सीसीटीवी में कैद दो बदमाश

Faridabad/Alive News: हरियाणा के फरीदाबाद में रिटायर्ड पुलिस सब इंस्पेक्टर (एसआई) के घर पर दो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। बुधवार रात करीब 2 बजे हुई इस वारदात में आरोपियों ने तीन गोलियां चलाईं। गोली लगने से घर की खिड़की का शीशा टूट गया और एक गोली दीवार में जा लगी। घटना के समय परिवार घर के अंदर सो रहा था। वारदात के बाद दोनों आरोपी बुलेट मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।

रिटायर्ड एसआई सुरजीत बैंसला नगला एनक्लेव पार्ट-2 में अपने परिवार के साथ रहते हैं। वह वर्ष 2023 में हरियाणा पुलिस से रिटायर हुए थे। सुरजीत को घटना की जानकारी पड़ोसी ने दी। इसके बाद उन्होंने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें दो युवक फायरिंग करते नजर आए।

सीसीटीवी में दिखे दोनों बदमाश

करीब 59 सेकेंड की फुटेज में दो युवक घर के सामने आते दिखाई दे रहे हैं। एक ने नीली टी-शर्ट और सिर पर पीला गमछा बांधा हुआ है, जबकि दूसरा सफेद कमीज पहने है। गमछा बांधे युवक ने पहले गोली चलाई। इसके बाद दूसरे युवक ने भी हथियार निकाला। फुटेज में एक युवक को जमीन से गोली के खोल उठाते हुए भी देखा जा सकता है। फिर दोनों मोटरसाइकिल पर फरार हो गए।

सुरजीत बैंसला ने बताया कि वह दोनों युवकों को नहीं पहचानते और उन्हें फायरिंग के पीछे की वजह भी नहीं पता है।

सारण थाना प्रभारी हुकुम सिंह के अनुसार, शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी है।